खबर धनबाद से मरीज की मौत के बाद जूनियर डॉक्टर और परिजनों में मारपीट, केस दर्ज
रविवार को धनबाद में महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जूनियर चिकित्सकों के साथ बदसलूकी कर दी. घटना के बाद जवाब में जूनियर डॉक्टरों ने भी परिजनों की जमकर धुनाई कर दी. और काम ठप कर हंगामा करने लगे
रांची में शिक्षा विभाग में कार्यरत एक महिला ने अपनी मां को आसनसोल से लाकर SNMMCH में भर्ती कराया था. इमरजेंसी में सीनियर डॉक्टर नही थे. वहां मौजूद जूनियर चिकित्सकों ने ईलाज शुरू किया लेकिन महिला की जान बचाई नही जा सकी.
परिजन आक्रोश में आ गये और जूनियर चिकित्सकों के साथ बदसलूकी और हाथापाई कर दी. एक महिला चिकित्सक से भी बदसलूकी की बात कही जा रही है. जिसके जवाब में जूनियर चिकित्सकों ने हॉस्टल से मेडिकल छात्रों को बुलवा लिया और परिजनों की पिटाई कर दी.
इसके बाद जूनियर चिकित्सकों ने इमरजेंसी ठप कर हंगामा शुरू कर दिया. घटना के बाद वहां मौजूद सुरक्षा कर्मी तमाशबीन बने रहे. हंगामे की खबर पर हॉस्पिटल के नोडल पदाधिकारी सह जिले के ADM विधि व्यवस्था चन्दन कुमार घटना स्थल पर पहुंचे.
उन्हें भी जूनियर डॉक्टरों के विरोध का सामना करना पड़ा. वहीं मृतका की बेटी ने जूनियर चिकित्सकों पर कई गंभीर आरोप भी लगाए और स्थानीय सरायढेला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्यवाई की मांग की है.
वहीं SNMMCH पहुंचे एडीएम विधि व्यवस्था ने जूनियर चिकित्सकों को समझाया बुझाया एवं नई व्यवस्था के तहत अस्पताल में सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की गारंटी दी. साथ ही अस्पताल के भीतर एक से अधिक परिजनों को अंदर जाना प्रतिबंधित कर दिया. वहीं मीडिया से बात करते हुए एडीएम ने बताया कि चिकित्सकों साथ मारपीट करने वाले परिजनों पर उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी.



