कोरोना काल का एक मसीहा ऑटो वाला, मरीजों को मुफ्त पहुंचा रहा अस्पताल
रांची में एक ऑटो चालक उन लोगों को निःशुल्क सवारी प्रदान करता है, जिन्हें कोविड-19 महामारी के बीच अस्पतालों में जाने की आवश्यकता होती है.
रांची में एक ऑटो चालक उन लोगों को निःशुल्क सेवा प्रदान कर रहा है, जिन्हें कोविड-19 महामारी के बीच अस्पताल जाने की आवश्यकता है. ड्राइवर रवि कहते हैं कि वह 15 अप्रैल से ऐसा कर रहे हैं, जब किसी और के मना करने के बाद रिम्स में एक महिला को अस्पताल पहुंचाया. उन्होंने बताया कि उनका नंबर सोशल मीडिया पर है, ताकि लोग उनसे संपर्क कर सकें. परेशानी के इस समय में लोगों को मदद पहुंचाना ही मेरा मकसद है. बता दें कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को अस्पताल में सुविधा मुहैया कराना सबसे बड़ी चुनौती बन गई है. झारखंड में कोरोना वायरस ने बीते गुरुवार को 106 लोगों की जान ले ली. साथ ही गुरुवार को राज्य में 7595 कोरोना संक्रमित मिले हैं. इसके साथ ही कुल 73903 लोगों की कोरोना जांच की गई है. राजधानी रांची में सबसे अधिक 53 संक्रमित मरीज जमशेदपुर में मिले. वहीं रांची जिले में 1467 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं. हजारीबाग जिले में 1065 पॉजिटिव केस मिले हैं. राज्य में 22 अप्रैल की सुबह 6 बजे से 29 अप्रैल सुबह 6 बजे तक के लिए राज्य में लॉकडाउन लगा है. सीएम हेमंत सोरेन ने लॉकडाउन की घोषणा करते हुए कहा था कि राज्य में कोरोना संक्रमण की चेन ब्रेक करना बहुत जरूरी है. इसलिए लॉकडाउन का कदम उठाया जा रहा है



