प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने की शुरुआत में एक मेगा रैली को संबोधित कर पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी का चुनावी बिगुल बजाएंगे। पार्टी द्वारा इसकी तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। इंडिया टीवी को सूत्रों ने बताया कि पंजाब में अब तक शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ इलेक्शन लड़ चुकी भारतीय जनता पार्टी (BJP) 117 विधानसभा सीटों में से 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
वहीं, पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस को 30-35 सीटें दी जा सकती हैं जबकि शेष सुखदेव सिंह ढींडसा की शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) को दी जाएंगी। हालांकि सीटों के बंटवारे की अभी औपचारिक घोषणा होनी बाकी है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि सीटों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और पंजाब लोक कांग्रेस में आम सहमति बन गई है।
बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब की राजनीति के अनुभवी खिलाड़ी हैं। यह पहला चुनाव होगा जब भगवा दल अकाली दल के बिना चुनावी मैदान में उतरेगी। पार्टी की नजर उन सीटों पर है जहां हिंदू और दलित मतदाताओं का बहुमत है। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी पंजाब विधानसभा का चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ने की औपचारिक घोषणा की थी।
अमरिंद सिंह ने बताया कि उपयुक्त समय पर सीटों के तालमेल के बारे में घोषणा की जाएगी। पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का गठन कर लिया था। सिंह ने इस घोषणा से पहले केंद्रीय मंत्री और पंजाब के लिए बीजेपी के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया।



