नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अपना विरोध जारी रखने का संकल्प जताया है, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार, 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है।राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ पुलिस और भाजपा से जुड़े लोगों ने मारपीट की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं के दिलों में नफरत नहीं, बल्कि मोहब्बत थी। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि भारत में ऐसा माहौल स्वीकार्य नहीं है, जहां शांतिपूर्ण विरोध करने वालों को हिंसा का सामना करना पड़े।
सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान
राहुल गांधी ने विपक्षी दलों, युवाओं, सिविल सोसाइटी और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों से एकजुट होकर मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मार्च पार्टी, जाति, धर्म, समुदाय, महिला-पुरुष और राज्य की सीमाओं से ऊपर उठकर निकाला जाएगा।उनके मुताबिक, मार्च के दौरान मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें तीन प्रमुख मांगें रखी जाएंगी—कथित वोट चोरी पर रोक, SIR प्रक्रिया पर रोक और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा।राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि देश की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लोग एकजुट होकर आगे आएं।
अभिजीत दिपके बोले- विरोध जारी रहेगा
इधर, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही है। दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और बाद में मजिस्ट्रेट अदालत से सशर्त रिहाई के बाद उन्होंने नागपुर में कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है, जो उन्हें दोबारा विरोध प्रदर्शन करने से रोकता हो।दिपके ने कहा कि वह सड़कों पर उतरकर विरोध जारी रखेंगे और किसी भी दबाव से डरने वाले नहीं हैं। उनकी पार्टी लगातार SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है।CJP नेताओं ने CEC के इस्तीफ़े तक विरोध करने का संकल्प लिया और INDIA ब्लॉक के मार्च से पहले सभी दलों से एकजुट होने की अपील की।




