रांची : आज झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन केंद्र सरकार द्वारा MMDR कानून में किए गए संशोधन को लेकर सदन में विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में एमएमडीआर (MMDR) कानून संशोधन बिल पर स्पष्ट और मजबूती से राज्य का पक्ष रखा है।सोरेन ने सदन में कहा कि जिन क्षेत्रों ने खनन का सामाजिक और पर्यावरणीय बोझ उठाया है,उन्हीं के विकास के संसाधन इस संशोधन से कम हो जाएंगे।केंद्र के इस संशोधन से झारखंड को लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होगा,जिससे कल्याणकारी योजनाओं और आदिवासी समाज पर सीधा असर पड़ेगा।संविधान की सातवीं अनुसूची और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुरूप खनन भूमि पर कर लगाने का अधिकार राज्यों का है।उन्होंने कहा कि राज्य कोई भीख या अनुदान नहीं मांग रहा है, बल्कि अपना हक मांग रहा है जिसे केंद्र को आज नहीं तो कल देना ही होगा।
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में MMDR संशोधन कानून 2026 का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि झारखंड भारत का अभिन्न अंग है, कोई उपनिवेश नहीं जिसका केवल दोहन किया जाए।उन्होंने कहा कि झारखंड किसी की भीख में मिला राज्य नहीं है। उन्होंने इस कानून को राज्य के वित्तीय अधिकारों को सीमित करने वाला और देश के संघीय व संवैधानिक ढांचे पर सीधा प्रहार बताया।कल्पना सोरेन ने जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की 9 जजों की संविधान पीठ के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि कोर्ट ने राज्यों को खनिज युक्त भूमि पर कर और उपकर (सेस) लगाने का संवैधानिक अधिकार दिया है। नया संशोधन राज्य की इस शक्ति को केंद्र की शर्तों के अधीन करता है।




