रांची/झारखंड: किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रही 10 वर्षीय मासूम रूबी सबर के इलाज को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने संज्ञान लिया है। अखबार में बच्ची की दर्दभरी कहानी पढ़ने के बाद मंत्री ने संबंधित सर्जन एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने और रूबी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया है।मंत्री इरफान अंसारी ने स्पष्ट कहा कि रूबी के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। बच्ची को बेहतर उपचार और सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले में गंभीरता से पहल करने की बात कही, ताकि बच्ची को समय पर समुचित चिकित्सा सहायता मिल सके।
आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकेगा इलाज
मंत्री ने कहा कि किसी भी मासूम का इलाज आर्थिक तंगी के कारण नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उनके लिए जाति, धर्म या समाज से ऊपर हर इंसान की जिंदगी महत्वपूर्ण है। रूबी की जान बचाने और उसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना से भी जुड़ी है। जरूरतमंदों तक समय पर इलाज पहुंचाना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करना बेहद जरूरी है।
मानवता को बताया सर्वोपरि
मंत्री इरफान अंसारी ने अपने संदेश में कहा, “स्वास्थ्य सेवा मेरा संकल्प है, इंसानियत मेरा धर्म।”रूबी सबर के मामले में मंत्री के निर्देश के बाद अब संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों की पहल महत्वपूर्ण होगी, ताकि बच्ची को आवश्यक उपचार और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।




