हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के कटकमसांडी पार नदी टोला में एक युवक ने अपनी शादी से दो दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष ) के रूप में की गई है। घटना शुक्रवार की देर रात की है। परिजनों को शनिवार की सुबह घटना की जानकारी मिली। शनिवार की सुबह युवक की मां उषा देवी लगभग 6:30 बजे बेटे का शव रस्सी से लटकते हुए देखा। इसके बाद परिजन युवक को अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।फांसी लगाने से पहले युवक ने अपने मोबाइल पर सुसाइड नोट लिखा है।नोट में उसने यह लिखा है कि मैं दिव्यांग हूं। मुझे कोई प्यार नहीं करता। मैं जिंदगी से उब चुका हूं। मुझसे लोग सिर्फ काम का रिश्ता रखते हैं। काम लेने के बाद मुझे कोई इज्जत नहीं देता। अगले जन्म में मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि जब मुझे मनुष्य तन में जन्म मिले तो बिल्कुल स्वस्थ रूप में दें। शादी से दो दिन पहले युवक के सुसाईड करने से सभी स्तब्ध हैं। उत्तम कुमार की शादी चतरा जिले के मयूरहंड गांव तय हुई थी। आगामी 9 मई को भद्रकाली मंदिर इटखोरी में शादी होने वाली थी। शादी को लेकर कार्ड भी बंट चुके थे।



