रांची: झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन रांची द्वारा 15 नवंबर 2026 (रविवार) को “रन फॉर क्लीनलीनेस” विशेष स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।दौड़ सुबह 7 बजे मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक जाएगी। इसमें युवाओं, छात्र-छात्राओं, परिवारों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील की है। इस पहल के माध्यम से ‘स्वच्छ झारखंड-स्वस्थ झारखंड’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संकल्प लेने का आह्वान किया गया है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर यह दौड़ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति सक्रिय रूप से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगी।सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय पर बापू वाटिका, मोरहाबादी पहुँचें और इस ऐतिहासिक अवसर पर स्वच्छता के संकल्प के साथ दौड़ में शामिल हों।




