सूत्रों के हवाले से एसजी एक्जोटिका के मालिक गौतम मोदी व सुभाष मोदी के आज मंगलवार 31 मई को ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में पहुंचने की खबर आ रही है. ये पिछले कई दिनों से ईडी के राडार पर थे. एसजी एक्सोटिका की तरफ से लालपुर में राजधानी की सबसे ऊंची बहुमंजिली अपार्टमेंट (जी प्लस 25) बनायी गयी है. यहां के सारे फ्लैट दो से तीन करोड़ रुपये से अधिक के मूल्य के हैं. जिस जमीन पर यह अपार्टमेंट बना है. उसकी जमीन को लेकर भी कई विवाद हैं. यहां भी आदिवासी की भूईहरी नेचर की जमीन पर अपार्टमेंट का हिस्सा होने की बातें हैं. झारखंड हाईकोर्ट, एसएआर कोर्ट और अन्य जगहों पर मामला चला और इसमें मूल रैयत को 65 डिसमिल से अधिक की जमीन वापस करने का आदेश भी दिया गया था. इसका अनुपालन आज तक नहीं हुआ. इस अपार्टमेंट का नक्शा पास करनेवाले अधिकारियों पर भी ईडी की नजर है. ईडी इन दोनों भाईयों से शहर के सबसे बड़े रीयल इस्टेट डेवलपर इलिका इस्टेट के साथ संबंधों की पूछताछ होगी.बता दें कि 15 दिसंबर 2021 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने सरावगी ब्रदर्स मामले में कई बिल्डरों के आठ ठिकानों में छापेमारी की थी. यह छापेमारी 75 करोड़ के बैंक घोटाला को लेकर की गयी थी. कार्रवाई के दौरान ईडी ने रांची के इलिका इस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संतोष जैन के फ्लैट से 3 करोड़, जबकि बिल्डर गौतम मोदी के फ्लैट से 41 लाख रुपये बरामद किए. इसमें एसजी एक्सोटिका के संचालक गौतम मोदी और सुभाष मोदी के कार्यालयों में की गयी छापेमारी भी शामिल थी.



