रांची विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षांत समारोह में 6923 विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियां,संजय सेठ और राज्यपाल हुए शामिल

0
santosh gangwar

रांची। रांची विश्वविद्यालय के 39वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति संतोष गंगवार और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शामिल हुए। समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधि प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले शोधार्थियों को भी सम्मानित किया गया।इस दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों में सफल कुल 6923 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई. इस बार कुल 71 गोल्ड मेडल, 58 विद्यार्थियों को प्रदान किए गए. इनमें 44 छात्राएं और 14 छात्र शामिल हैं.राज्यपाल संतोष गंगवार ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से अर्जित ज्ञान, प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक शिक्षा और तकनीक के साथ अपनी संस्कृति, मानवीय मूल्यों तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध रहना ही सार्थक और स्थायी प्रगति का आधार है।संजय सेठ ने समारोह को विद्यार्थियों के परिश्रम, लगन और उपलब्धियों का उत्सव बताया। उन्होंने गोल्ड मेडलिस्ट और पीएचडी उपाधि प्राप्त शोधार्थियों को विशेष रूप से बधाई दी। इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय की विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया गया। समारोह में कुलपति डॉ. सरोज शर्मा, रांची की महापौर रोशनी खलखो सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here