कांग्रेस ने इसे देश का सबसे बड़ा बैंक धोखाधड़ी का मामला बताते हुए रविवार को नरेंद्र मोदी सरकार से सवाल किया कि एबीजी शिपयार्ड की परिसमापन कार्यवाही के बाद 28 बैंकों की कथित धोखाधड़ी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने में पांच साल क्यों लग गए। सीबीआई ने एबीजी शिपयार्ड लिमिटेड, उसके पूर्व अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक ऋषि कमलेश अग्रवाल और अन्य पर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के नेतृत्व वाले बैंकों के एक संघ को 22,842 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। “एबीजी शिपयार्ड की परिसमापन कार्यवाही के बाद 22,842 करोड़ रुपये के 28 बैंकों को धोखा देने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने में पांच साल क्यों लग गए?” कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह सवाल किया।



