बेरमो से कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने शनिवार की देर रात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ ग्रामीण हावड़ा में बड़ी मात्रा में नकदी के साथ पकड़े जाने पर कांग्रेस के तीन विधायकों डॉ इरफान अंसारी, नमन बिक्सल कोंगारी और राजेश कच्छप के खिलाफ रविवार को शिकायत दर्ज कराई है. अरगोड़ा थाना में दिए गए आवेदन में कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने लिखा है कि उन्हें विधायक राजेश कच्छप और इरफान अंसारी ने फोन कर कहा था कि वह कोलकाता आए और सरकार को अपदस्थ करने में उनकी मदद करें. नए सरकार में उन्हें बेहतर पोजिशन दी जाएगी. साथ सभी विधायको को 10 करोड़ रुपये भी मिलेंगे.गौरतलब है कि ग्रामीण हावड़ा की पुलिस ने कांग्रेस के तीन विधायकों को हिरासत में ले लिया, जो सभी एक वाहन में सवार थे और पूर्वी मिदनापुर की ओर जा रहे थे. पुलिस ने कार को पंचला थाना क्षेत्र के रानीहाटी मोड़ के पास विशेष रूप से रोका. तलाशी लेने पर गाड़ी में भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई.
सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में शनिवार देर रात गिरफ्तार किए गए झारखंड के तीन विधायकों को रिहा कर दिया गया है. दावा किया गया है कि विधायकों ने पैसे की पूरी जानकारी दी है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तीनों विधायक वाहन खरीदने के लिए पश्चिम बंगाल गए थे और उसी के पैसे लिए थे. हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि ये पैसे कार खरीदने के लिए थे या कोई और सामान खरीदने के लिए. हालांकि, सूत्रों ने दावा किया है कि तीनों विधायकों ने पैसे के संबंध में संतोषजनक जानकारी देने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया है. तीनों विधायक झारखंड के लिए रवाना हो गए हैं.



