रांची: झारखंड सरकार निजी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मनमानी शुल्क वसूली पर रोक लगाने की तैयारी में है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मरीजों के हितों की रक्षा के लिए आईसीयू सहित विभिन्न उपचारों की दरों को लेकर जल्द ही स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू की जाएगी।स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद निजी अस्पताल मनमाने तरीके से इलाज का शुल्क नहीं वसूल सकेंगे। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और मरीजों को सुलभ एवं सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि यह फैसला विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जवाबदेह और मरीज-केंद्रित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
डॉ. इरफान अंसारी ने यह भी संकेत दिया कि झारखंड सरकार मरीजों के हित में जल्द ही एक और बड़ा एवं महत्वपूर्ण निर्णय लेने जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.




