जमशेदपुर कोरोना महामारी अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पर ही भिड़ने लगे लोग

0

जमशेदपुर कोरोना महामारी अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पर ही भिड़ने लगे लोग

जमशेदपुर कोरोना महामारी की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मृतकों का शव लेकर श्मशान घाट पहुंचे लोग अब एक-दूसरे से भिड़ जा रहे हैं। जमशेदपुर में दो बर्निंग घाट है, स्वर्णरेखा बर्निंग घाट व पार्वती बर्निंग घाट। स्वर्णरेखा घाट पर कोरोना संक्रमित शवों को जलाया जा रहा है। ऐसे में पार्वती घाट में दबाव बढ़ गया है। हालत यह है कि शवों के साथ आ रहे परिजनों को आठ से दस घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग को लेकर अंतिम संस्कार का कार्य रोक दिया। करीब 25 शवों का अंतिम संस्कार का काम रूक गया। लोग शवों को लेकर घाट में बैठे रहे। जानकारी पर जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने कहा जब तक सुरक्षा नहीं मिलेगी काम शुरू नहीं करेंगे। कर्मचारी घाट से हट गए। पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को मनाया। सुरक्षा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार शुरू हुआ।

पार्वती श्मशान घाट पर विगत 15 दिनों से औसतन 40 से 50 शवों का अंतिम संस्कार हो रहा है ऐसे में कर्मचारियों को भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर दिन विवाद हो रहे हैं। अंतिम संस्कार को लाइन लग रही है। घंटों लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। विद्युत शवदाह गृह में शव जलाने को अधिक भीड़ हो रही है। शनिवर को घाट पर शव लेकर आने वाले एक परिवार के लोगों को संस्कार के लिए 13 नंबर दिए गए। 10 नंबर जिन्हें दिया गया था उस शव का अंतिम संस्कार नहीं हुआ था। 13 नंबर वाले संस्कार को लेकर हंगामा करने लगे। कर्मचारियों के साथ मारपीट पर उतारू हो गए। जल्दबाजी करने का दबाव देने लगे जिसको लेकर विवाद हुआ।