सिमडेगा में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामले ने नागरिकों में चिंता बढ़ा दी है. बढता कोरोना लोगों को अब डराने भी लगा है. पूर्व विधायक नियेल तिर्की का कोरोना संक्रमण के कारण 14 अप्रैल को रिम्स, रांची में निधन हो गया था. इसके बाद व्यापारी संगठन चैंबर ऑफ कॉमर्स ने निर्णय लिया है कि वे सप्ताह में दो दिन अपना कारोबार बंद रखेंगे. अब शनिवार और रविवार को सभी दुकानों के शटर गिरे रहेंगे. यानि इन दोनों दिन पूरी तरह से कारोबार पर लॉकडाउन रहेगा.
स्थिति सामान्य होने का इंतजार
जिले में बढता कोरोना का आंकडा लगातार बदतर होती स्थिति को दिखाने लगा है. प्रशासन के साथ साथ स्वास्थ्य विभाग चिंता में है. ऐसे में सिमडेगा चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भीड़ इकट्ठी होने से रोकने और लोगों में जागरुकता पैदा करने के मकसद से शनिवार औऱ रविवार को दुकान बंद रखने का फैसला लिया है. इसके साथ ही शहर के कई दुकानदारों ने स्थिति सामान्य होने तक स्वतः लॉकडाउन कर लिया है.
आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी तरह के व्यवसाय पूर्णतः बन्द रहेंगे
चैंबर के निर्णय के अनुसार शनिवार और रविवार को आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी तरह के व्यवसाय पूर्णतः बन्द रहेंगे. व्यवसायिक संगठनों एवं चैम्बर के पदाधिकारियों ने इस निर्णय से सिमडेगा जिला प्रशासन को भी अवगत करा दिया है. साथ ही इस लॉकडाउन को लागू करवाने में सहयोग करने का आग्रह किया है. जनता से भी इसमें मदद मांगी है. समाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाकर ही घरों से कम से कम निकलने की भी अपील की है.
10 लोग गंवा चुके हैं जान
सिमडेगा में फिलहाल एक्टिव केस की संख्या 145 (14 अप्रैल तक) है. अब तक 2136 लोग रिकवर्ड औऱ डिस्चार्ज हो चुके हैं. 10 लोगों को जान गंवानी पड़ी है. बुधवार को एक व्यक्ति की जान चली गयी साथ ही 90 पॉजिटिव केस सामने आये.



