CM हेमंत सोरेन की सरकार पर लगातार बढ़ रहा दबाव, महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत की सीबीआइ जांच की मांग

0

CM हेमंत सोरेन की सरकार पर लगातार बढ़ रहा दबाव, महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत की सीबीआइ जांच की मांग

साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। आदिवासी सरना महासभा के मुख्य संयोजक सह पूर्व मंत्री देव कुमार धान ने साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की मौत की निष्पक्ष तरीके से जांच सीबीआइ से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में एक आदिवासी मुख्यमंत्री के रहते हुए जब एक आदिवासी महिला पुलिस अधिकारी इस राज्य में सुरक्षित नहीं है तो आम जनता इस राज्य में किस हालत में रह रहे होंगे, इस बात का सहज अंदाजा इस घटना से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खुद को आदिवासियों की हितैषी बताने वाली हेमंत सरकार के रहते हुए एक आदिवासी पुलिस अधिकारी के साथ ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना का होना यह बताता है कि इस राज्य में हेमंत सरकार के रहते आदिवासी कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि इस घटना का संदेह बेहद खास व्यक्ति पर जताया जा रहा है। सरकार को बताना चाहिए कि वह इस मामले में चुप क्यों है? धान ने कहा कि इस सरकार के रहते इस घटना की निष्पक्ष तरीके से जांच संभव नहीं है। इसलिए इस घटना की जांच सीबीआइ से कराई जाए ताकि जो भी सत्य है, वह सबके सामने आ सके तथा इस घटना के लिए जो भी दोषी हो, उसे सजा मिले तथा मृतक एवं उनके परिजनों को इंसाफ मिल सके।