बड़ी खबर झारखंड में पहुंची ब्लैक फंगस की दवा लाईपोजोमल, जानिए मरीजों को कैसे मिलेगी, क्या होगी कीमत
झारखंंड सरकार ब्लैक फंगस (म्यूकरमाईकोसिस ) से निपटने की रणनीति में जुट गई है। ब्लैक फंगस के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक तरफ जहां इसे महामारी घोषित करने की तैयारी है वहीं दूसरी तरफ इसके मरीजों को राज्य भर में समुचित उपचार उपलब्ध कराने की तैयारी तेज कर दी गयी है। इसी बीच राहत भरी खबर यह है कि ब्लैक फंगस की दवा लाईपोजोमल एम्फोटेरिसिन बी 50 मिग्रा राज्य सरकार को उपलब्ध हो गयी है। इसे रिम्स समेत उन अस्पतालों को उपलब्ध भी कराया जा रहा है, जहां इसके मरीज भर्ती हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड की ओर से ब्लैक फंगस की दवा लाईपोजोमल एम्फोटेरिसिन बी 50 मिग्रा इंजेक्शन की 2000 वायल खरीदने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
रिम्स के डेंगू वार्ड को बनाया म्यूकरमाईकोसिस वार्ड
संक्रमण पर नियंत्रण एवं मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए रिम्स प्रबंधन ने बेसमेंट में स्थित डेंगू वार्ड को म्यूकरमाईकोसिस वार्ड घोषित कर दिया है। आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए अब म्यूकरमाईकोसिस वार्ड में ही ब्लैक फंगस के सभी संदिग्ध व पुष्ट मरीजों का उपचार होगा। वार्ड में एक साथ 36 मरीजों के उपचार की सुविधा है।
सभी मेडिकल कॉलेजों से मांगा गया मरीज का विवरण
राज्य में ब्लैक फंगस के मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक रविशंकर शुक्ला ने रिम्स के साथ-साथ धनबाद, जमशेदपुर, दुमका, पलामू, हजारीबाग मेडिकल कॉलेज, टीएमएच, जमशेदपुर एवं बीजीएच, बोकारो अस्पताल प्रबंधन के अलावा राज्य के सभी सिविल सर्जनों से मरीज का ब्योरा मांगा है। उन्होंने कहा है कि कोरोना से संक्रमित जिन मरीजों के इलाज के क्रम में म्यूकरमाईकोसिस के लक्षण प्रतीत होते हैं, उनका समय पर इलाज जरूरी है। सभी जिलों में नए फंगल इन्फेक्शन म्यूकरमाईकोसिस के मरीजों की विवरणी राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराना है, ताकि उसके आधार पर मरीज के इलाज हेतु लाईपोजोमल एम्फोटेरिसिन बी 50 मिग्रा इंजेक्शन उपलब्ध कराया जा सके।
एक मरीज को 5.88 लाख रुपए की 84 वायल
मेडिका के मेडिकल डायरेक्टर डॉ विजय मिश्रा के अनुसार ब्लैक फंगस के एक मरीज जिसका वजन 60 किलो है, उसे 14 दिनों तक प्रतिदिन 6 वायल लाईपोजोमल एम्फोटेरिसिन बी 50 मिग्रा दिया जाना है। यानी एक मरीज को 84 वायल दवा की जरूरत पड़ेगी। जबकि, एक वायल की कीमत 7000 रुपए है। यानी एक मरीज को दी जाने वाली लाईपोजोमल एम्फोटेरिसिन बी 50 मिग्रा की कीमत लगभग 5.88 लाख रुपए होंगे।
राज्य में फिलहाल 19 मरीज भर्ती
राज्य भर में ब्लैक फंगस के फिलहाल 19 मरीज मिले हैं। इसमें रिम्स में 11, मेडिका में 7 और टीएमएच, जमशेदपुर में 2 मरीज भर्ती हैं। रिम्स में भर्ती 11 मरीजों में तीन की पुष्टि हो चुकी है, 8 संदिग्ध हैं। रिम्स पीआरओ डॉ डीके सिन्हा के अनुसार तीन पुष्ट मरीजों में 2 म्युकर जबकि एक मरीज एस्पेगिलस नाईगर प्रकार के हैं।



