स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में पुलिसकर्मियों से उलझ रहे लोग, अब होगी सख्ती; दर्ज होगी FIR ,पढ़िए पूरी खबर
इसका अनुपालन करवाने में पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर सड़कों पर डटे हैं। इस बीच कुछ बदमाश पुलिस से ही उलझ रहे हैं। इस पर पुलिस के वरीय अधिकारियों ने कड़ा फैसला लिया है। पुलिस से उलझने वालों पर सीधे एफआइआर दर्ज होगी और वे जेल भेजे जाएंगे। पुलिसकर्मियों के साथ लगातार हो रहे बदसलूकी के मामले वरीय अधिकारियों तक भी पहुंच रहे हैं।
मामले को लेकर रांची के सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि पुलिसकर्मी बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं। ऐसे में अगर लोग कानून का उल्लंघन करेंगे तो कार्रवाई के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता। पुलिस भी यह नहीं चाहती है कि महामारी के समय किसी को उल्लंघन की वजह से जेल भेजा जाए। ऐसे में लोगों से आग्रह है कि वे नियम का पालन करें और महामारी से बचाव में पुलिस कर्मियों का सहयोग करें।
रांची के जेल चौक के पास गुरुवार को जब एक कार सवार को रोका गया तो उसने खुद को मजिस्ट्रेट बताकर उल्टे पुलिसकर्मियों पर ही रौब झाड़ना शुरू कर दिया। फिर वहां से तेजी से भागने लगा, इस दौरान एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हालांकि स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया। उसके बाद पुलिसकर्मियों ने खदेड़ कर कार सवार को पकड़ा और उसका चालान काटा। दरअसल, जेल चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने एक कार को रोक कर घर से बाहर निकलने का कारण पूछा। इसपर कार चालक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर ही भड़क गया और कहने लगा कि वह मजिस्ट्रेट है। मजिस्ट्रेट की गाड़ी रोकने की हिम्मत कैसे हुई।



