रांची में हर चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस बल तैनात, डीसी-एसएसपी भी निकले सड़क पर

0

झारखंड सरकार द्वारा लागू स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत हो गई है। गुरुवार की सुबह से ही रांची की सड़कों पर सायरन और लाउडस्पीकर का शोर सुनाई देने लगा है। पुलिस सायरन बजाती हुई रांची की सड़कों पर गश्‍त लगा रही है। जबकि लाउडस्पीकर पर कोरोना से बचने के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन बताया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि कौन सी दुकानें खुली रहेंगी और कौन सी बंद। खुली रहने वाली दुकानों को भी शारीरिक दूरी और सतर्कता की हिदायत दी जा रही है। मेन रोड सहित जिले भर में भारी संख्या में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का अनुपालन कराने के लिए डीसी छवि रंजन और एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा खुद सड़कों पर निकले हैं।

इस दौरान सड़क पर ही पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग भी की। इस दौरान पूरा मेन रोड का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील दिखा। आवश्यक चीजों वाली दुकानों को सरकार के गाइडलाइन का अनुपालन करने की हिदायत भी दी गई। इधर, लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर राजधानी रांची के 93 जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया है कि लॉकडाउन के प्रावधान का अनुपालन सख्ती से कराएं। इन जगहों पर नियमित तौर पर चेकिंग भी की जाएगी।