उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शाही मस्जिद का एक हिस्सा हटाए जाने की योजना को लेकर सोमवार को भारी हंगामा और मुस्लिम भीड़ की पुलिस के साथ झड़प हो गई। वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों के मद्देनजर कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक की 900 मीटर सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है, जिसके दायरे में आ रहे इस मस्जिद के हिस्से को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है। सोमवार (28 सितंबर 2026) को मस्जिद का हिस्सा हटाने पहुंची प्रशासनिक और पुलिस टीम पर भीड़ की ओर से कथित तौर पर पथराव किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। महिलाओं द्वारा किए गए चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन को हटाने के दौरान शहर की क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं।इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2000 पुलिस जवानों और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को तैनात किया गया है। मस्जिद के 500 मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।




