रांची। झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने राज्यवासियों से मुख्य सड़कों और सहायक सड़कों पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है।मंत्री दीपक बिरुआ ने आम जनमानस से अनुरोध करते हुए कहा अगर किसी जिले और किसी सड़क पर गलत पार्किंग हो तो मुझे साझा करें, अब यह व्यवस्था सुधरेगी और मैं स्वयं इस विषय को देखूँगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहनों की पार्किंग से आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। परिवहन मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों से इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) की सेवाएं लेने की अपील की है। उन्होंने गैराज संचालकों, वॉशिंग सेंटर संचालकों और युवाओं समेत आम लोगों से भी सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने का आग्रह किया।मंत्री ने स्पष्ट किया कि आज से सड़कों पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने राज्यवासियों से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा के मद्देनजर नियमों का पालन करने की अपील की।उन्होंने कहा कि सड़कें आवागमन के लिए हैं और अनधिकृत पार्किंग से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि हादसों का जोखिम भी बढ़ता है। अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




