अब ’10 मिनट में डिलीवरी’ खत्म, गिग वर्कर्स को केंद्र सरकार ने दी बड़ी राहत

0
delivery workers

दिल्ली: हाल ही में गिग वर्कर्स ने काम के बढ़ते दावा और कम सैलरी को लेकर हड़ताल की थी. दस मिनट की टाइम लिमिट के कारण डिलीवरी बॉय पर तेजी से डिलीवरी करने का दबाव बढ़ता था और सड़क हादसों का भी जोखिम रहता था.श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने इस मुद्दे पर क्विक कॉमर्स सेक्टर में सक्रिय कंपनियों से बातचीत की थी, जिसका असर अब दिखने लगा है। ब्लिंकिट जैसी क्विक कॉमर्स कंपनियों ने अब ’10 मिनट में डिलीवरी’ का दावा हटा दिया है। यह बदलाव डिलीवरी बॉयज की हड़ताल और सरकार के दखल के बाद आया है। सरकार के साथ हुई बैठक में ब्लिंकिट के अलावा स्विगी, जोमैटो और जेप्टो ने भी भरोसा दिया है कि वे अब ग्राहकों से समय सीमा का वादा करने वाले विज्ञापन नहीं करेंगे।

राघव चड्ढा ने संसद में गिग इकॉनमी से जुड़े डिलीवरी एजेंट्स की सुरक्षा, काम के दबाव और समय-सीमा वाले डिलीवरी वादों से होने वाली समस्याओं पर सवाल उठाए और सरकार से हस्तक्षेप की मांग की।

AAP सांसद राघव चड्ढा ने कहा, “आज देश के गिग वर्कर्स के लिए बहुत बड़ा दिन है और उन सभी के लिए अच्छी खबर है, और अच्छी खबर यह है कि केंद्र सरकार के दखल के बाद, ब्लिंकिट जैसी क्विक कॉमर्स कंपनियाँ अब ’10-मिनट डिलीवरी’ ब्रांडिंग हटा देंगी। यह सिर्फ़ आपके प्रयासों और आपकी उठाई गई सामूहिक आवाज़ की वजह से संभव हुआ है। हो सकता है कि आपकी आवाज़ इन कंपनियों के मैनेजमेंट तक न पहुँची हो, या उन्होंने इसे नज़रअंदाज़ कर दिया हो। लेकिन केंद्र सरकार ने आपकी आवाज़ सुनी और कार्रवाई की। सबसे पहले, मैं इस दखल के लिए केंद्र सरकार को बधाई और धन्यवाद देता हूँ… हम सभी इंडस्ट्री के समर्थक हैं, बिज़नेस के समर्थक हैं, स्टार्टअप के समर्थक हैं, और इनोवेशन के समर्थक हैं, लेकिन हम शोषण का कभी समर्थन नहीं कर सकते। इसलिए, इस पूरे अभियान का मकसद किसी कंपनी को नुकसान पहुँचाना नहीं है, बल्कि इन गिग वर्कर्स और डिलीवरी बॉयज़ की ज़िंदगी बेहतर बनाना है…”

इससे पहले सोमवार को राघव चड्ढा ने एक वीडियो साझा कर बताया था कि वे एक दिन के लिए ब्लिंकिट डिलीवरी एजेंट बने। पीली यूनिफॉर्म पहनकर उन्होंने ट्रैफिक, समय की पाबंदी, फ्लैट ढूंढने और डिलीवरी के दबाव जैसे गिग वर्कर्स के अनुभवों को खुद महसूस किया और वीडियो के साथ लिखा—“बोर्डरूम से दूर, जमीनी हकीकत में। मैंने उनका एक दिन जिया।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here