सावन में पहाड़ी मंदिर लाखों श्रद्धालु आते,कोई कठिनाई न हो,अधिकारियों को रांची डीसी का स्पष्ट निर्देश

0
Ranchi DC

रांची: आज आगामी सावन पर्व को लेकर पहाड़ी मंदिर में चल रहे विकास कार्यों का डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने स्थलीय निरीक्षण किया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों और मंदिर समिति के सदस्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने निरीक्षण के दौरान पहाड़ी बाबा मंदिर तक पहुंचने वाले सीढ़ी मार्ग, शौचालयों का निर्माण, सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था, रास्तों में बिछाए जा रहे पेवर ब्लॉक्स, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था सहित मंदिर में चल रहे समस्त निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। स्पष्ट निर्देश दिया कि सावन माह में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को दर्शन, पूजा-अर्चना और अन्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए।

डीसी ने कहा है कि “पहाड़ी बाबा रांचीवासियों की आस्था के केंद्र हैं। सावन पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इसलिए सभी निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं तथा गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखा जाए। सीढ़ी मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाना, पर्याप्त शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”

सावन पर्व के दौरान डीसी ने भक्तों से अपील की कि वे पूजा के दौरान शीशे या मेटल की वस्तुओं का प्रयोग बिल्कुल न करें। शीशे की कोई भी पूजन वस्तु पहाड़ी मंदिर में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही दुकानदारों से भी आग्रह किया गया कि वे शीशे में कोई भी पूजन सामग्री बिल्कुल न दें।निरीक्षण के उपरांत जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और जिला वासियों की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी बाबा से आशीर्वाद मांगा कि उनकी कृपा सदैव रांचीवासियों पर बनी रहे तथा सभी को सकारात्मक ऊर्जा और मार्गदर्शन प्राप्त होता रहे।

निम्नलिखित निर्देश दिए गए

  • सावन पर्व से पूर्व सभी विकास कार्य पूर्ण करने के लिए कड़े समयबद्ध लक्ष्य।
  • श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त शौचालय, पेयजल, रोशनी और बैठने की व्यवस्था।
  • सीढ़ी मार्ग और मुख्य रास्तों का निर्बाध व सुगम निर्माण।
  • सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रभावी प्लान तैयार करने के निर्देश।

नियमित रूप से कार्य प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश

सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्य प्रगति की समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की कमी आने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पहाड़ी मंदिर के सदस्यों ने जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों को अंग वस्त्र पहना कर उनका सम्मान किया।

इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, श्री कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक शहर रांची, श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात रांची, श्री राकेश सिंह, प्रशिक्षु आईएएस, सुश्री आस्था शरण, अपर प्रशासक रांची नगर निगम, श्री संजय कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी रांची, श्री धनंजय, जिला नजारत अपर समाहर्ता रांची, डॉ सुदेश कुमार, कार्यपालक अभियंता NREP-1, जूनियर इंजिनियर भवन निर्माण, जिला खेल पदाधिकारी रांची, श्री शिवेंद्र सिंह,विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत कार्य प्रमंडल रांची, श्री जयकांत कुमार एवं पहाड़ी मंदिर के प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here