कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन के दौरान सभी स्कूल कॉलेज बंद पड़े थे। अब लगभग एक वर्ष होने के बाद झारखंड में सभी हाईस्कूल और कॉलेज आज से खुल गए हैं। इसके लिए सभी स्कूलों ने अपनी तैयारी पूरी कर रखी थी । स्कूलों में थर्मल स्कैनिंग के बाद ही बच्चों को प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं, कई स्कूलों में छात्र नहीं आए।
स्कूलों के साथ-साथ आज से आईटीआई, कौशल विकास केंद्र और कोचिंग भी शुरू हो रहे हैं। इन संस्थानों को कंटेनमेंट जोन के बाहर ही खोला जाएगा। बता दें कि राज्य में 10वीं और 12वीं के स्कूल 21 दिसंबर को ही खुल गए थे। हालांकि इसमें छात्रों की उपस्थिति कम रही। छात्रों को स्कूल आने के लिए अभिभावकों से अनुमित लेनी होगी।
देवघर जिले के झौंसागढ़ी मोहल्ला अंतर्गत राम मंदिर हाई स्कूल में क्लास शुरू होने को लेकर एहतियात बरती जा रही हैं। छात्र-छात्राओं की थर्मल स्कैनिंग के बाद छात्रों के क्लास में प्रवेश मिला। वहीं, धनबाद स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में छात्र नहीं आए। यहां से अभी भी बच्चों की ऑनलाइन परीक्षा हो रही है।



