रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 03.11.2026 को महापौर रोशनी खलखो ने बनस तालाब, नायक छठ तालाब, चंबोधा तालाब, स्वर्णरेखा छठ घाट, कमलू तालाब एवं पावर हाउस छठ तालाब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा छठ पूजा समितियों से उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।उन्होंने छठ महापर्व तक निरंतर विशेष सफाई अभियान चलाने, सभी घाटों पर चेंजिंग रूम, गहरे पानी में मजबूत घेराबंदी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं पहुंच पथों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 13 के पार्षद पवन तिर्की, वार्ड संख्या 14 की पार्षद अंजू देवी, वार्ड संख्या 46 की पार्षद आरती कुमारी, निगम के पदाधिकारी एवं छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। रांची नगर निगम छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।




