रांची :झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और लोगों की समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक्स पर रांची के रिंग रोड स्थित सुकुरहुटू का वीडियो शेयर कर एक बच्चे एलेक्स मुंडा की स्थिति बताई गई। पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए सीएम ने रांची डीसी को निर्देश दिया कि मामले की जांच कर एलेक्स की पढ़ाई के लिए हर संभव मदद सुनिश्चित करें।
एक्स पर एक यूजर ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा–रांची के रिंग रोड स्थित सुकुरहुटू में एक माँ अपने बेटे के भविष्य के लिए हर अंधेरे से लड़ रही है. चौधरी फ्यूल पेट्रोल पंप की लाइट के नीचे हर रात 8 वर्षीय एलेक्स मुंडा पढ़ाई करता है. उसकी मां नूतन टोप्पो उसे पढ़ाती हैं. सात साल पहले पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी नूतन टोप्पो पर ही आ गई. दिन भर पंप पर मेहनत मजदूरी करने के बाद नूतन टोप्पो और उनके बेटे के लिए रात को वह क्लास रूम बन जाता है. उम्मीद है एलेक्स एक दिन परिवार का नाम रौशन करेगा. नूतन टोप्पो जी के हौसले को सलाम. इस पोस्ट को यूजर ने सीएम हेमंत सोरेन को टैग किया था. इस पोस्ट पर सीएम ने बिना देरी किए रांची डीसी को निर्देश जारी क्र दिया,”रांची डीसी संज्ञान लें एवं एलेक्स की पढ़ाई हेतु हर संभव मदद पहुंचाते हुए सूचित करें।”
सीएम के निर्देश पर रांची डीसी ने लिखा,”महोदय, संदर्भित मामले में संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए है।साथ ही एलेक्स को बेहतर शिक्षा मिलें इसके लेकर जिला प्रशासन हर संभव मदद देगी।”




