रांची : झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने 9 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर अपनी 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी सरकार को लौटा दी है।मरांडी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने 21 मार्च 2026 को भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जर्जर हो चुकी बुलेटप्रूफ सफारी गाड़ी को बदलने का अनुरोध किया था, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने बताया कि गृह विभाग ने दिसंबर 2024 में वीआईपी मूवमेंट के लिए 17 नई बुलेटप्रूफ गाड़ियां खरीदी थीं। इनमें से 3 मुख्यमंत्री और 2 राजभवन को आवंटित की गईं, जबकि 12 गाड़ियां मुख्यालय के रिजर्व में खड़ी हैं, इसके बावजूद पूर्व मुख्यमंत्रियों को पुरानी गाड़ियां दी जा रही हैं।मरांडी का कहना है कि यह शिकायत अब अकेले मेरी भी नहीं रह गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा जी ने भी अपने सुरक्षा वाहनों की हालत पर सवाल उठाए हैं। उनके अनुसार, उनके कार्यालय से जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच छह पत्र भेजे गए। उन्होंने यह भी बताया कि 14 मार्च 2026 को गृह विभाग ने आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया था। इसके बाद भी शिकायत बनी रही। अभी 6 नवंबर की रात चौका के पास उनके काफ़िले का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ।मरांडी ने मांग की है कि सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समान मानदंडों पर समीक्षा हो, गृह विभाग की संबंधित फाइल मंगाकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा मेरे पिछले पत्र और मेरे कार्यालय की शिकायतों पर हुई कार्रवाई का लिखित विवरण सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराया जाए।




