भारत ने सोमवार को पाकिस्तान के पेशावर में हुए घातक आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।मिडिया सूत्रों के मुताबिक अब तक मृतकों की संख्या 90 हो गई है और 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्विटर पर लिखा, “भारत कल पेशावर में हुए आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसने इतने लोगों की जान ले ली है।”विस्फोट सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे मस्जिद के सेंट्रल हॉल में हुआ, जब एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। जियो न्यूज ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि मस्जिद के मलबे से शवों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर नमाज के दौरान अग्रिम कतार में मौजूद था, तभी उसने खुद को उड़ा लिया। प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।जियो न्यूज से बात करते हुए पेशावर के कैपिटल सिटी पुलिस अधिकारी (सीसीपीओ) मोहम्मद एजाज खान ने कहा कि विस्फोट एक आत्मघाती हमला प्रतीत होता है और घटनास्थल पर संदिग्ध हमलावर का सिर भी मिला है।मोहम्मद एजाज खान ने कहा कि, “यह संभव है कि हमलावर विस्फोट से पहले ही पुलिस लाइन में मौजूद था और उसने [प्रवेश करने के लिए] एक आधिकारिक वाहन का इस्तेमाल किया हो।”उन्होंने कहा, “लगभग 1,500 से 2,000 पुलिस अधिकारी रोजाना पुलिस लाइन आते हैं।”इससे पहले, एक चश्मदीद ने कहा कि विस्फोट के समय मस्जिद में कम से कम 120 लोग थे। उन्होंने कहा कि घायलों में ज्यादातर पुलिस कर्मी शामिल हैं।



