Ranchi : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर हेमंत सरकार को घेर लिया है , मरांडी ने एक्स पर लिखा “हेमंत सोरेन सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। हुसैनाबाद अनुमंडल का सबसे पुराना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हैदरनगर पीएचसी इन दिनों डॉक्टरों की भारी कमी से जूझ रहा है। गुरुवार को मरीज उस वक्त हैरान रह गए जब उन्होंने देखा कि अस्पताल में ओपीडी सेवा कोई डॉक्टर नहीं बल्कि एक CHO (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) चला रहा है। जब पत्रकारों ने सीएचओ आशीष रंजन से पूछा तो पहले उन्होंने खुद को डॉक्टर बताया और बाद में स्वीकार किया कि वे CHO हैं। न केवल OPD बल्कि भर्ती महिलाओं, प्रसव और बंध्याकरण जैसी गंभीर सेवाएं भी CHO के हवाले कर दी गई हैं। सिविल सर्जन और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के जवाबों में भी विरोधाभास है—एक ओर कहा गया कि CHO ओपीडी नहीं कर सकते, दूसरी ओर उन्हीं को ओपीडी करने की जिम्मेदारी दे दी गई। इससे साफ हो जाता है कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। पहले इस PHC से इमरजेंसी सेवाएं खत्म की गईं, अब डॉक्टर की जगह CHO नियुक्त कर सरकार ने साबित कर दिया है कि आम जनता की जान की कीमत उनके लिए कुछ नहीं। हेमंत सोरेन की यह स्वास्थ्य विफलता एक ‘स्वास्थ्य अपराध’ है, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।”



