मरांडी: ईडी ऑफिस में मारपीट के आरोप लगाने वाले संतोष कुमार ने स्वीकार किया कि वह 12 जनवरी को बिना समन ईडी ऑफिस पहुंचा था

0
marandi

भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने एक्स पर एक बार फिर ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पर हाल के दिनों में रांची पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर एक्स पर पोस्ट लिखा जिसमें उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भूमिका की जांच सीबीआई द्वारा की जानी चाहिए।

मरांडी ने एक्स पर लिखा :

ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पर हाल के दिनों में रांची पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के पीछे की साजिश अब सामने आ चुकी है। ईडी अधिकारियों द्वारा कार्यालय में बुलाकर मारपीट किए जाने का आरोप लगाने वाले संतोष कुमार ने स्वयं स्वीकार किया है कि 12 जनवरी को वह बिना किसी समन के ईडी कार्यालय पहुँचा था। उस दिन न तो ईडी ने उसे तलब किया था और न ही किसी पूछताछ का कोई कार्यक्रम निर्धारित था।

पूर्व में ईडी की पूछताछ के दौरान संतोष कुमार ने तत्कालीन मंत्री सहित कई अधिकारियों और अन्य व्यक्तियों के नाम लिए थे। संतोष कुमार पहले यह स्वीकार कर चुका है कि पेयजल विभाग के पूर्व सचिव मनीष रंजन, इंजीनियर्स, तत्कालीन मंत्री और उनके भाई द्वारा हर योजना में 10 प्रतिशत कमीशन की वसूली की जाती थी। तब लगभग 18 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी, नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए थे। अब वह अपने पुराने बयानों से पलटते हुए ईडी पर ही आरोप लगाने लगा है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद रांची पुलिस द्वारा संतोष कुमार को सुरक्षा उपलब्ध कराना भी संदेह के घेरे में है। जिस व्यक्ति को कुछ समय पहले घोटाले के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, उसी के घर पर अब पांच सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।

क्या वास्तव में संतोष कुमार की सुरक्षा को कोई खतरा है, या फिर पुलिस सुरक्षा के नाम पर घर में नजरबंद कर उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है? यह सुरक्षा किसके आदेश पर और किन परिस्थितियों में दी गई है? सूचना तो यह भी मिल रही है कि जब रांची पुलिस ईडी आफिस घेरने गई थी तो पूरी योजना की देखरेख के लिये इस घोटाले का एक प्रमुख पात्र डीजीपी कार्यालय में बैठकर मॉनीटरिंग करवा रहा था।

यह पूरा मामला अब अत्यंत संदिग्ध हो चुका है। भ्रष्टाचार की जांच को प्रभावित करने का प्रयास साफ नजर आ रहा है। इस प्रकरण में @ranchipolice के एसएसपी, डीसी, डीजीपी, तत्कालीन मंत्री मिथिलेश ठाकुर और मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM की भूमिका की जांच सीबीआई द्वारा की जानी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here