सरायकेला: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, जनजातीय गौरव दिवस एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सरायकेला में हजारों लोगों के साथ विशाल पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनजातीय गौरव, आदिवासी अस्मिता और समाज के हक-अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर चंपई सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा, वीर सिदो-कान्हू और वीर पोटो हो जैसे महान क्रांतिकारियों के संघर्ष एवं बलिदान को याद करते हुए इसे झारखंड की अमूल्य धरोहर बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने का कार्य किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में झारखंड राज्य का गठन हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पीएम जनमन तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से आदिवासी परिवारों के विकास के लिए काम कर रही है।चंपई सोरेन ने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की संख्या में वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 तक झारखंड में लगभग एक दर्जन विद्यालय थे, जबकि अब इनकी संख्या 91 हो गई है। उन्होंने दावा किया कि इनमें 51 विद्यालयों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है और 1.32 लाख विद्यार्थी निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन का सपना समाज के अंतिम व्यक्ति का जीवन स्तर बेहतर बनाने का था, लेकिन वर्तमान सरकार उस दिशा में काम नहीं कर रही है।पूर्व मुख्यमंत्री ने जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के संरक्षण तथा राज्य को भ्रष्टाचार और कुशासन से मुक्त कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी अस्मिता, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।




