लखीसराय, 17 अगस्त। बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोकधाम) में सावन की तीसरी सोमवारी पर सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच भगदड़ मच गई। हादसे में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।3 गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि, सुबह दो ट्रेनों के अशोकधाम हॉल्ट पर पहुंचने से अचानक भीड़ बढ़ गई। इसी दौरान एक बिजली का पोल गिर गया। पोल से जुड़े केबल को लेकर भीड़ में करंट फैलने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद भगदड़ की स्थिति बनी। महिलाओं की कतार की बैरिकेडिंग टूटने से कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और PMNRF से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।




