रांची: झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने आज कहा सरना धर्म कोड आदिवासी अस्मिता का सवाल है, भाजपा ने हमेशा आदिवासियों की मांगों को दरकिनार किया है. “सरना धर्म कोड” पर भाजपा के आरोप ढकोसला, भाजपा को आदिवासियों की चिंता नहीं, सिर्फ सियासी स्वार्थ है। भाजपा को आदिवासियों के हितों से कोई सरोकार नहीं है, बीजेपी सिर्फ राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस मुद्दे को उछाल रही है। सरना धर्म कोड आदिवासी अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान का सवाल है, जिसे लेकर झामुमो शुरू से गंभीर रहा है। भाजपा ने हमेशा आदिवासियों की मांगों को दरकिनार किया और उनके अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया है। भाजपा की सरकार ने न तो 2014 से पहले और न ही बाद में कभी ईमानदारी से सरना धर्म कोड के समर्थन में कोई पहल की। उल्टे उनकी सरकारों ने “वनाधिकार कानून” और “स्थानीय नीति” जैसे महत्वपूर्ण मसलों पर आदिवासियों के खिलाफ कार्य किया है। सरना धर्म कोड की मांग कोई नई नहीं है, बल्कि यह वर्षों पुरानी सामाजिक मांग है, जिसे भाजपा अब राजनीति का मुद्दा बना रही है। भाजपा को जवाब देना चाहिए कि उनकी सरकार ने इतने वर्षों में इस कोड को लागू क्यों नहीं किया। केंद्र में 10 साल से ज्यादा समय तक सत्ता में रहते हुए भी भाजपा ने इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी।




