रांची। JPSC/JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत चल रहा छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह चौथे दिन बापू वाटिका, मोरहाबादी से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थानांतरित किया गया। इसके बाद छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला और कई घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और कई स्थानों पर जाम लग गया। आंदोलनकारी छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 6 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। छात्रों की प्रमुख मांगों में विवादित परीक्षाओं की CBI जांच, पेपर लीक के दोषियों पर कार्रवाई, ब्लैकलिस्टेड कंपनियों पर रोक तथा भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है।




