रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने छात्रों के मुद्दे को लेकर भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा पर छात्रों और युवाओं के आंदोलन को राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करने की आदत छोड़ देनी चाहिए।विनोद पांडेय ने कहा कि सत्ता में रहते हुए भाजपा युवाओं और छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकी, लेकिन अब छात्रों के पीछे खड़े होकर राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने छात्रों की सभी मांगें मान ली हैं और छात्र अपने घर लौट चुके हैं। साथ ही, 25 अगस्त को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में छात्र हित में कई और महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की उम्मीद है।
JMM प्रवक्ता ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी से सवाल किया कि यदि उन्हें वास्तव में छात्रों की चिंता है, तो वे छात्रों के बीच जाकर सकारात्मक संवाद क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि हर प्रशासनिक कार्रवाई को राजनीतिक दमन बताना और थाने पहुंचकर प्रदर्शन करना समस्या का समाधान नहीं है।पुलिस कार्रवाई को लेकर पांडेय ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और पुलिस को कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने बिना पूरी जानकारी के पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाने को गैर-जिम्मेदाराना विपक्षी राजनीति बताया।उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय खुद मैदान में उतरकर जनता के सवालों का सामना करे। पांडेय ने दावा किया कि झारखंड की जनता भाजपा की राजनीति को नकार चुकी है और जनता यह देख रही है कि कौन छात्रों के भविष्य की चिंता कर रहा है और कौन उनके मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहा है।




