जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के मध्य सरजमदा स्थित कोचोकोला गांव में गुरुवार की सुबह पेड़ से लटकता एक नाबालिग का शव मिला है। मृतक की पहचान कोचोकोला के ही राहुल पूर्ति (17) के रूप में हुई है। शव पर सबसे पहले ग्रामीणों की नजर गई। यह एक अर्द्धनिर्मित मकान के पास पेड़ में कपड़े के सहारे लटका हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। मृतक के पिता संजय पूर्ति समेत अन्य परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस प्रथम दृष्ट्या इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। मृतक के पिता ने बताया कि बुधवार रात से ही उनका पुत्र गायब था।



