चतरा में एक परिवार में ख़ुशी का माहौल था पर अचानक से शादी की खुशियां मातम में बदल गयी। दरअसल, केरेडारी थाना क्षेत्र के मसूरिया नदी क्षेत्र में कल रात बारातियों की एक स्कॉर्पियो सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो में सवार दूल्हे का दोस्त और मामा की मौत हो गई। घटना में तीन बाराती जख्मी हुए हैं। बारात टंडवा थाना क्षेत्र के कामता गांव से केरेडारी पुराना थाना के बगल में जा रही थी और इसी दौरान यह हादसा हुआ।
घटना में मृतकों में कुतुबुद्दीन अंसारी उर्फ टींकू अंसारी और मो. जैनुल मियां शामिल हैं। टंडवा थाना क्षेत्र कामता गांव निवासी गुलाम मुस्तफा के बेटे मो. अल्ताफ की शादी में शामिल होने के लिए सभी जा रहे थे। मो. जैनुल मियां, मो. अल्ताफ के मामा थे। जबकि कुतुबुद्दीन अंसारी दूल्हे का दोस्त था। सोमवार की रात बारात केरेडारी थाना क्षेत्र जाने के लिए निकली। स्कॉर्पियो में 7 लोग सवार थे।
गाड़ी की रफ्तार तेज होने की वजह से वो अनियंत्रित होकर पलट गई और हादसे में मो. जैनुल मियां की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कुतुबुद्दीन अंसारी समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। लोगों की मदद से सभी को सदर अस्पताल लाया गया। पर कुतुबुद्दीन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि अन्य तीन खतरे से बाहर हैं।



