घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर आज धालभूमगढ़ के आयोजित चुनावी कार्यक्रम में सीएम हेमन्त सोरेन ने झामुमो के उम्मीदवार सोमेश चन्द्र सोरेन के लिए वोट की अपील की. मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने भाजपा पर निशाना भी साधा, सीएम ने कहा आज जो प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी का आपको दिखता है, वह कौन है? वह ऐसा बैल है जो खाया-पिया-मोटाया झामुमो में और हल जोतने चला गया भाजपा के खेत में।ऐसे ही लोग हैं जो हमारे बीच-बीच में हमारे आंदोलन को कमजोर करते हैं। आज इसी वजह से 30 से 40 वर्ष लग गए इस राज्य को अलग करने में। कई आंदोलनकारी आज भी जीवित हैं और बुजुर्ग हो गए हैं।लेकिन हमारी पीढ़ी जवान हो गई है। अब हम लोगों ने भी कंधा मजबूत कर लिया है और ऐसे लोगों को मुंह तोड़ जवाब देने का ताकत भी हम रखते हैं।
सीएम ने कहा आज इस राज्य में आपकी सरकार है। यहां आदिवासी-मूलवासी, गरीब, किसान, महिला, युवा, मजदूर, दलित, पिछड़ा वर्ग के लोगों की सरकार चल रही है।आपके इस क्षेत्र और राज्य सरकार में मंत्री रहे स्व रामदास सोरेन जी आज हमारे बीच नहीं हैं और यही वजह है कि यहां उपचुनाव होना पड़ रहा है।11 तारीख को यहां चुनाव होना है। झामुमो (गठबंधन) ने सोमेश बाबू को यहां से आपकी सेवा करने के लिए उम्मीदवार बनाया है।अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी, सबसे बड़ा संगठन कहने वाला, घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में फिर से अपनी किस्मत आजमा रहा है।




