
बोकारो. सरकार आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की मदद के लिए छात्रवृत्ति योजना चलाती है. सरकारी सहयोग से गरीब मेधावी छात्र भी बेहतर शिक्षा लेने में सक्षम होते हैं. बोकारो से इसी छात्रवृत्ति योजना को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बताया जाता है कि जिला कल्याण विभाग ने छात्रवृत्ति के मद में आए फंड की निकासी तो कर ली है, लेकिन अभी तक छात्रों के खातों में उसे ट्रांसफर नहीं किया गया है. जिला कल्याण विभाग ने मार्च में ही वर्ष 2020-21 सत्र के लिए छात्रवृत्ति के मद में आए 7 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड निकाल लिया था. तकरीबन 6 महीने बाद भी छात्रों के बैंक खातों में स्कॉलरशिप के पैसे ट्रांसफर नहीं किए गए हैं. इससे गरीब छात्र सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं. छात्रवृत्ति के पैसे नहीं आने से छात्रों के साथ ही उनके अभिभावक भी परेशान हैं. ‘दैनिक भास्कर’ में छपी रिपोर्ट के अनुसार, बोकारो जिले में 1560 स्कूलों के पहली से 10वीं कक्षा तक के 60 हजार से ज्यादा छात्रों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिये अभी तक स्कॉलरशिप का पैसा नहीं आया है. दूसरी तरफ, छात्रवृत्ति वितरण की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. दर्जनों छात्रों ने इसकी शिकायत जिला कल्याण विभाग से की है. छात्रों का कहना है कि पैसे कब आएंगे इस सवाल का कोई जवाब भी नहीं दिया जा रहा है.



