आज दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके माता पिता गीता देवी और गोविंद राम केजरीवाल ने कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
मुख्यमंत्री और उनके माता-पिता ने दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में कोरोना का टीका लगवाया है। आपको बता दें, कि यहां सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जा रही है।
एक मार्च से प्रारंभ हुआ टीकाकरण का दूसरा चरण
देश में एक मार्च से शुरू हुए टीकाकरण के दूसरे चरण में 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोग तथा विभिन्न रोगों से ग्रस्त 45-59 वर्ष आयुवर्ग के लोगों को दिल्ली के 192 अस्पतालों में टीका लगाया जा रहा है।
दिल्ली सरकार का कहना है कि 45 से 59 वर्ष की आयु के जिन लोगों को पहले से कोई बीमारी है उन्हें सबसे पहले वैक्सीन मिलना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसी वर्ग के तहत वैक्सीन लगवाई है। वहीं उनके माता-पिता की उम्र 60 वर्ष के पार है ऐसे में उन्होंने सीनियर सिटिजन होने के नाते टीका लगवाया।
जरूरत पड़ी तो और टीकाकरण केंद्र खोलेंगे : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘आज मेरे माता-पिता और मैंने टीका लगवाया। हम सभी ठीक हैं। टीके के बारे में अब कोई संदेह नहीं रहना चाहिए। मेरा अनुरोध है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग टीकाकरण करवाएं।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता महसूस होने पर दिल्ली सरकार जनता के लिए और अधिक टीकाकरण केंद्र खोलेगी।



