बिहार गया में मानवता को शर्मशार करती एक घटना महिला को बस में आई खांसी… बीच रास्ते में ही उतार दिया; बेटा-बेटी के साथ लापता
बस में महिला को उल्टी होने पर कोरोना संक्रमित होने के शक पर यात्रियों द्वारा दो बच्चों संग महिला को रास्ते में बस से उतरवाने का मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि बस में महज उल्टी होने व तबियत खराब होने पर बस में सवार बाकी के यात्रियों ने कोरोना के खौफ व शक के कारण बस के चालक पर दबाव बनाते हुए बस में सवार 27 वर्षीय एक महिला को उसके दो मासूम बच्चों के संग चौपारण में किसी होटल के पास उतार दिया और बस आगे बस आगे बढ़ गई।
इस बाबत महिला के ससुर रामगढ़ निवासी राम आशीष शर्मा ने बरही थाना में आवेदन देकर बहु व बच्चों की खोजबीन के लिए गुहार लगाया है। आवेदन में राम आशीष शर्मा ने बताया है कि उनकी बहू रीना देवी (पति सुजीत शर्मा) मंगलवार पूर्वाहन करीब 11 बजे अपनी दो बच्चे लक्ष्मी कुमारी (10 वर्ष) एवं उत्तम कुमार (7वर्ष) को लेकर अपने मायके गया (बिहार) से अपनी ससुराल रामगढ़ (झारखंड) की ओर बस में बैठ कर आ रही थी।
बताया कि हम लोग बीच-बीच में फोन कर कहां पहुंची यह जानकारी ले रहे थे। परंतु मेरी बहू का रास्ते में तबीयत खराब हो जाने की वजह से बस में बैठे यात्री लोग मेरी बहू को कोरोना बीमारी हुआ ऐसा बोलकर उसे चौपारण स्थित एक होटल के किनारे उतार दिया। उसके बाद मेरी बहू ने फोन पर बताया कि बरही की तरफ आ रहे एक टेंपो में बैठ गई और बरही की ओर आ रही है।
मोबाइल पर बहू ने बताया कि वह लोग बरही पहुंचने वाले है। परंतु उसके बाद मेरी बहू का मोबाइल बंद हो गया। उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा है। इस बारे में आवेदन मिलने पर बरही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।



