ऑक्सीजन सिलेंडर से लेकर राशन तक करा रहे उपलब्ध कोरोना संक्रमितों की मदद में जुटे अभाविप के हजारों कार्यकर्ता
जरूरतमंदों की मदद करने में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के हजारों कार्यकर्ता लगे हैं। साथ ही इस कठिन परिस्थिति में युवाओं से लोगों की मदद करने की अपील भी कर रहे हैं। अभाविप की राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी ने कहा कि परिषद के कार्यकर्ता सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजेशन, ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने, चिकित्सालयों में बेड उपलब्ध कराने में सहायता करने, राशन, फूड तथा मास्क वितरण, रक्त दान व प्लाज्मा दान करने हेतु जागरूक करने, आइसोलेशन सेंटर में सेवा कार्य आदि प्रयासों के द्वारा लोगों की मुश्किलों को कम करने हेतु दिन-रात कार्यरत हैं। ये कार्यकर्ता हमेशा फोन पर उपलब्ध रहते हैं।
त्रिपाठी ने कहा कि इस सप्ताह अभी तक देश भर में अभाविप के कुल 6827 कार्यकर्ताओं ने अब तक 35724 लोगों को सहायता पहुंचाई है। अभाविप के आग्रह पर अभी तक 3390 यूनिट रक्त, 850 यूनिट प्लाज्मा दान किया गया है। 4272 भोजन पैकेट, 3689 ऑक्सीजन सिलेंडर जरूरतमंदो को पहुंचाए गए। कहा, हम अपनी सहायता प्रयासों के माध्यम से देश के लिए इस मुश्किल घड़ी को शीघ्रता से समाप्त कर चीजों को पटरी पर लाने हेतु चल रहे अभियान में कंधा से कंधा मिलाकर साथ खड़े हैं।
देश के युवाओं से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद आग्रह करती है कि वे वैक्सीनेशन कार्यक्रम तथा प्लाज़्मा डोनेशन के निमित्त जागरूकता अभियान के वाहक बनें और सेवा कार्यों में भागीदारी करें।



