झारखण्ड बढ़ा लॉकडाउन की और आज हो सकता है फैसला , क्या झारखण्ड में लग सकता है लॉकडाउन?
राज्य में 29 अप्रैल को लॉकडाउन की अवधि समाप्त हो रही है। ऐसे में लॉकडाउन बढ़ाने को लेकर सीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बुधवार को प्रभावी निर्णय लिया जाएगा। लॉकडाउन बढ़ाने के फैसले से पहले इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने कैबिनेट सहयोगियों से भी विचार-विमर्श कर सकते हैं। ऐसी संभावना है कि सरकार झारखंड में लॉकडाउन की अवधि एक हफ्ते के लिए और बढ़ा सकती है। हालांकि, अधिकृत तौर पर बैठक के बाद ही इसका एलान किया जाएगा। माना जा रहा है कि आगे भी अगर लॉकडाउन जारी रहता है, तो राज्य में निर्माण कार्य, उद्योग-व्यापार समेत सभी आर्थिक गतिविधियों पर पाबंदी नहीं लगाई जाएगी। इधर कांग्रेस ने झारखंड में लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता ने एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन और बढ़ाने की मांग की है। 22 अप्रैल की सुबह छह बजे से 29 अप्रैल की सुबह छह बजे तक झारखंड में लॉकडाउन स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के नाम से लगाया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश में स्कूल-कॉलेज, कोचिंग, शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान, स्वीमिंग पुल, जिम, पार्क, होटल-रेस्टोरेंट (बैठकर खाने पर प्रतिबंध), सिनेमा हॉल, मॉल, शराब की दुकानें लॉकडाउन अवधि में बंद कर दी गई हैं। जन सामान्य को बेवजह सड़क पर निकलने की सख्त मनाही है। पूरे राज्य में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।



