रांची:आज भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर द्वारा प्रखंड स्तरीय आक्रोश प्रदर्शन के अंतर्गत सदर अंचल कार्यालय का घेराव किया गया। विधायक सी पी सिंह ने कहा हेमंत सरकार के शासनकाल में झारखंड लगातार प्रशासनिक अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों का शिकार बनता जा रहा है। राज्य में भ्रष्टाचार अब एक सुव्यवस्थित तंत्र का रूप ले चुका है, जिसमें घूसखोरी, अवैध लेनदेन और योजनाओं की लूट आम बात हो गई है। कानून-व्यवस्था की हालत बदतर है, बिजली-पानी जैसी आवश्यक सुविधाएं भी आम जनता से दूर होती जा रही हैं। बेरोजगारी चरम पर है, और बालू-पत्थर-कोयला जैसी प्राकृतिक संपदाओं की खुली लूट सत्ता के संरक्षण में हो रही है।इन्हीं गंभीर मुद्दों के विरोध में आज सदर अंचल कार्यालय का घेराव किया गया है। यह सिर्फ़ विरोध नहीं, बल्कि एक स्पष्ट संदेश है कि राज्य की जनता अब चुप नहीं रहेगी।प्रदर्शन के अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल द्वारा अंचलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें अंचल कार्यालय से जुड़े भ्रष्टाचार, विशेष रूप से घूसखोरी, लंबित मोटेशन, फाइल दबावकर की जाने वाली रजिस्ट्री, और जनविकास से जुड़ी अन्य समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।




