झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दुमका सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मरीजों की संख्या और अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए यहां और डॉक्टरों की आवश्यकता है।अस्पताल में पाई गई विभिन्न कमियों पर मंत्री ने सदर अस्पताल के अधीक्षक एवं सिविल सर्जन को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डॉ. अंसारी ने कहा, “स्वास्थ्य सेवाओं में खामियां किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएंगी। जनता को बेहतर इलाज और सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं स्वयं हर 15 दिन पर औचक निरीक्षण करूंगा और व्यवस्थाओं की समीक्षा करूंगा।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Hemant Soren के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।मंत्री ने डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों से अपील करते हुए कहा, “हम जनता के लिए अच्छा काम करना चाहते हैं। इसमें प्रशासन और डॉक्टरों का सहयोग आवश्यक है। सभी मिलकर काम करें ताकि लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।”




