रांची: जेएमएम नेता और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राजनीतिक हलकों में विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री के विदेश दौरों और मीडिया के सामने प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने के मुद्दे पर तंज कसते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर भारत का नक्शा साझा किया। पोस्ट में लिखा गया, “हम प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करते। यही हमारी परंपरा रही है। कोई शक? कोई परेशानी?”इस पोस्ट के बाद बाबूलाल मरांडी ने मिथिलेश ठाकुर पर कश्मीर को भारत से अलग दिखाने का आरोप लगाया है.
भाजपा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक्स पर लिखा, ”झारखंड में नल-जल घोटाले के मुख्य आरोपी, झामुमो के महासचिव एवं पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर द्वारा भारत का खंडित नक्शा जारी करना बेहद शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और देश की अखंडता पर सीधा प्रहार है।सत्ता और तुष्टिकरण की राजनीति में डूबी झामुमो लगातार झारखंड विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रही है, लेकिन अब वोट बैंक की राजनीति के लिए देश की एकता और संप्रभुता से भी समझौता किया जा रहा है।”
मरांडी ने आगे लिखा ”पूर्व मंत्री ने जिस प्रकार कश्मीर को भारत से अलग दिखाने का दुस्साहस किया है, वह करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का अपमान है। यह केवल एक “गलती” नहीं, बल्कि मानसिकता को दर्शाने वाला गंभीर कृत्य है।” मरांडी ने मिथिलेश ठाकुर से झारखंड एवं देशवासियों से सार्वजनिक माफी की मांग की है। साथ ही सीएम सोरेन को टैग करते हुए उनसे पूछा है कि ”क्या ऐसे लोगों को संरक्षण देना उनकी सरकार की नीति बन चुकी है?”
झामुमो ने मरांडी पर कसा तंज: कुतुबमीनार से कूदते समय शायद आदरणीय .@yourBabulal जी अपने चश्मे का पॉवर बढ़ाना भूल गए थे।ये लोग यह कह कर सत्ता में आए की चीन को लाल आँखें दिखायेंगे – पर चीन के हमारे देश में घुस आने के बाबजूद ये कहते है – ना कोई घुसा है ना कोई आया है।अमेरिका हमारी संप्रभुता को रोज़ चुनौती देते हुए कहता है कब तेल लेना है – कब तेल नहीं लेना है। हमें क्या करना है – क्या नहीं करना है।आप क्या बात करेंगे अखंडता की। देश की एक एक इंच हमारे दिल में बसती है पत्रवीर महोदय – आप नहीं समझेंगे।देश को 50 साल पीछे धकेल दिया है आपकी अकर्मण्यता ने।देश सम्भालिए – और एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने बोलिए





