रांची: आज दिनांक 29.04.2025 को रांची जिला में झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए पंचायतवार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के आधार सीडिंग का कार्य किया गया। जिला के सभी पंचायत में सुबह 10ः00 बजे से दोपहर 3ः00 बजे तक कैंप का आयोजन हुआ. दिनांक 29.04.2025 को ही शहरी क्षेत्र के सभी बैंक शाखाओं में लाभुकों के आधार सीडिंग का कार्य सम्पादित किया गया। जिसमें योजना अंतर्गत शहरी क्षेत्र के लाभुक संबंधित बैंक में उपस्थित होकर अपना आधार सीडिंग करवा सकें।कैंप में योजना अंतर्गत उन लाभुकों के बैंक खाते से आधार सीडिंग की गयी, जिन्हें 3 महीने की एकमुश्त सम्मान राशि 7500 रुपए 03.04.2025 या उसके पश्चात मिली है। जिन लाभुकों को 03.04.2025 से पहले एकमुश्त तीन महीने की सम्मान राशि बैंक खाते में स्थानांतरित की गई थी, उन्हें कैंप में आने की आवश्यकता नहीं है, उनका आधार बैंक खाते से सीडेड है। बता दें की विभागीय संकल्प के आलोक में योजना के लाभुकों को अप्रैल-2025 से केवल आधार लिंक्ड सिंगल बैंक खाता के माध्यम से ही सम्मान राशि का भुगतान किया जाना है। आधार सीडिंग के लिए उमड़े भीड़ की कुछ तस्वीरें डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर की है.मालूम हो कि जिला के सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को पूर्व में ही शिविर के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।




