रांची : आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य एवं अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत होटल होटल बीएनआर चाणक्य ,रांची में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में आज स्वास्थ मंत्री इरफ़ान अंसारी ने भाग लिया एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ कर उपस्थित लोगों को संबोधित किया। मंत्री ने कहा राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरूस्त करना हमारी सरकार व विभाग की जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम जनता की सेवा में निरंतर कार्यरत है, जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए हमे आगे बढ़ना है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए हमें कड़े निर्णय लेने पड़े तो हम बिल्कुल नहीं हिचकिचायेगे।स्वस्थ झारखंड की कल्पना प्रत्येक नागरिक के स्वस्थ रहने से ही साकार होगी। ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र तक मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। सेवा की भावना ही हमे बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। निजी अस्पताल मरीजों को इलाज के नाम पर दौड़ाना और वसूली करना बंद करे, यदि सरकार के संज्ञान मरीजों और उनके परिजनों को बेवजह परेशान करने के मामलें आते है तो सरकार सख्त कार्रवाई को अग्रसर होगी।निजी अस्पतालों से बेहतर सुविधाएं हमें सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराना है, सरकार राज्य के सरकारी अस्पतालों को हर संसाधन उपलब्ध करा रही है ताकि व्यवस्थाएं दुरूस्त हो सके। डॉक्टरों और कर्माचारियों को अपनी कार्यकुशलता को और अधिक मजबूत करना होगी तभी हम स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर काम कर पायेंगे। अच्छा काम करने वालो को सरकार व विभाग सम्मान देगी जबकि गलत करने वालो पर सख्त कार्रवाई भी की जायेगी। व्यवस्था से खिलवाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।सभी सदर अस्पताल गर्मी को देखते हुए जरूरी संसाधन उपलब्ध रखे ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को कोई समस्या न हो। आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य एवं अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ लाभुकों को बेहतर ढंग से मिले इसे सुनिश्चित करते हुए लाभार्थियों को बीमा से लाभान्वित करना है। माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में विकसित झारखंड के लिये जो विजन तैयार किया गया है, उसे प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ रखकर ही पूरा किया जा सकता है।




