रांची के न्यू पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल के दौरान छोड़े गए आंसू गैस का धुआं बगल में स्थित राजकीय मध्य विद्यालय की छात्राओं तक पहुंचने से उनकी आंखों में जलन होने लगी। कई बच्चों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. कुछ बच्चे बेहोश होने लगे।स्कूल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित बच्चों को प्राथमिक उपचार दिलाया, लेकिन दो बच्चियों की हालत ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल भेजा गया।सूचना प्राप्त होने पर विधायक सीपी सिंह सदर अस्पताल पहुंचकर इलाजरत छात्राओं से मिले और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।विधायक सीपी सिंह ने कहा कि दो बच्चियों को भर्ती कराया गया है. शेष बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। विधायक ने प्रशासन से अपील की कि आगे से ऐसी मॉक ड्रिल स्कूल समय के बाद की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।अभिभावकों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए मांग की है कि पुलिस प्रशासन सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभ्यास करें।




