झारखंड के हज़ारीबाग जिले में भी एक बार फिर कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है. 1 सप्ताह में आंकड़ा 150 के आसपास पहुंच चुका है और शहर में सबसे अधिक संक्रमित व्यक्ति मिल रहे हैं. ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अब 3 नए कोविड सेंटर बनाने जा रहा है. पिछले साल जिन सेंटरों को उपयोग में लाया गया था, उसे फिर से दुरुस्त किया जा रहा है. जिसमें फॉरेस्ट ट्रेनिंग सेंटर, सिलवार आईटीआई सेंटर और पुलिस ट्रेनिंग सेंटर शामिल है.
हज़ारीबाग में कोरोना संक्रमण जिस रफ्तार से बढ़ रहा है. ऐसे में अब जिला प्रशासन तैयारी में भी जुट गया है. प्रशासन आम लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के उपयोग करने पर जोर दे रहा है. दूसरी ओर अगर संक्रमण फैले तो उसका निपटारा कैसे किया जाए, इसे लेकर भी तैयारी ने जोर पकड़ ली है. जिलें में 3 नए सेंटर अब बनाए जा रहे हैं. ये वही सेंटर है जो पिछले साल संक्रमण के दौरान बनाए गए थे. जिसमें फॉरेस्ट ट्रेनिंग सेंटर, सिलवार आईटीआई सेंटर और पुलिस ट्रेनिंग सेंटर शामिल है. वर्तमान समय में हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एक निजी अस्पताल में कोविड सेंटर चल रहा था. जिसमें कुल 125 बेड तैयार है. ऐसे में 25 आईसीयू बेड तैयार किए गए हैं.
सिविल सर्जन का कहना है कि शहर में कोरोना संक्रमण की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. ग्रामीण क्षेत्र में संक्रमण कम नजर आ रहा है, क्योंकि शहर में लोग बाहर से माइग्रेट करके पहुंच रहे हैं. इस कारण यहां संख्या बढ़ी है. वहीं उन्होंने यह भी जोर दिया कि आने वाले समय में हम लोग अधिक से अधिक टेस्ट करें, इसे लेकर भी तैयारी की जा रही है.
जिला प्रशासन मास्क अधिक से अधिक लोग पहने इसे लेकर भी सख्ती बरती जा रही है. हजारीबाग में इन दिनों मास्क नहीं पहने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है और फाइन भी वसूला जा रहा है. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जब भी घर से निकले तो मास्क का उपयोग करें नहीं तो संक्रमित हो सकते हैं और इसके परिणाम बेहद बुरे हो सकते हैं.



